हिंदी समाचार
IPL 2025, CSK vs MI: चेन्नई की जीत के नायक रहे ये 5 खिलाड़ी
IPL 2025 के CSK बनाम MI मैच में चेन्नई की जीत के पीछे रहे इन 5 खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन।
आईपीएल 2025 के एल क्लासिको में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस (MI) को हराया और अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। CSK के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई इंडियंस (MI) की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रनों का स्कोर बनाया। इसके जवाब में, चेन्नई सुपर किंग्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान में 158 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
इस मैच में चेन्नई के लिए कुछ खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया उनकी प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
नूर अहमद
अफगानिस्तान के बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर ने मुंबई इंडियंस के मध्य क्रम के बल्लेबाजों के खिलाफ सटीक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए। उन्होंने सबसे पहले MI के कप्तान सूर्यकुमार यादव को धोनी के हाथों स्टंप करवाया और टीम को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। इसके बाद MI के सर्वाधिक स्कोरर तिलक वर्मा को एलबीडब्ल्यू आउट कर चेन्नई की टीम को मजबूत स्थिति में पहुँचा दिया। नूर ने रॉबिन मिंज और नमन धीर के विकेट भी अपने नाम किए।
खलील अहमद
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने पहले ओवर में रोहित शर्मा का विकेट लेकर मैच का टोन सेट कर दिया। खलील ने सटीक गेंदबाजी करते हुए मुंबई के बल्लेबाजों के खिलाफ नए गेंद का पूरा प्रयोग किया और टीम को सफलता दिलाई।
एमएस धोनी: 43 साल की उम्र में एमएस धोनी ने बिजली की गति से स्टंपिंग करते हुए मैच का रुख बदल दिया। 11वें ओवर में नूर अहमद की गेंद पर धोनी ने मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव को स्टंप आउट कर टीम को बड़ी सफलता दिलाई। धोनी अपनी जादुई स्टंपिंग के लिए मशहूर हैं और उन्होंने एक बार फिर दिखा दिया कि क्यों आज भी वह दुनिया के सबसे चतुर और चालाक विकेटकीपर हैं।
रुतुराज गायकवाड़: टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने मुंबई के खिलाफ नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए और अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक जमाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। गायकवाड़ ने 26 गेंदों में 53 रनों की पारी खेली और इस दौरान उन्होंने तीन छक्के और छह चौके लगाए।
रचिन रवींद्र: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सलामी बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने शानदार पारी खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाफ 45 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाए और टीम को जीत की दहलीज तक पहुँचाया। रवींद्र ने गायकवाड़ के साथ मिलकर 37 गेंदों में 67 रनों की साझेदारी की और टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।